देशभर में मानसून का कहर, कई शहरों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित
देशभर में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं कई राज्यों में जलभराव और बदहाल व्यवस्थाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
नई दिल्ली: देशभर में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं कई राज्यों में जलभराव और बदहाल व्यवस्थाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, सूरत, बिहार, नागपुर और गुवाहाटी समेत कई शहरों से सामने आई तस्वीरें प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही हैं।
दिल्ली-एनसीआर में पिछले 12 से 16 घंटों की लगातार बारिश के बाद कई सड़कें और रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए। घुटनों तक पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया और वाहन पानी में फंस गए।
बिहार में भी मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, गया और कई अन्य जिलों में लगातार बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई है। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई, जबकि कई जगहों पर खेतों में भी पानी भर गया। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।
वहीं मुंबई और सूरत में भी भारी बारिश के कारण कई सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे यातायात और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। नागपुर में स्कूली बच्चों को भारी बारिश के बीच स्कूल जाते देखा गया, जबकि गुवाहाटी में जलभराव के चलते वाहनों की रफ्तार थम गई।
लगातार हो रही बारिश का सबसे अधिक असर दिहाड़ी मजदूरों, रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे व्यापारियों पर पड़ा है। देशभर से सामने आ रही तस्वीरें एक बार फिर शहरी बुनियादी ढांचे और मानसून से निपटने की तैयारियों की पोल खोल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
dhananjaykumarroy